Home » Uncategorized » BEOपिथौरा ने ली संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक,कई अहम निर्देश दिए…

BEOपिथौरा ने ली संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक,कई अहम निर्देश दिए…

पिथौरा 25.11.2026 विकासखंड स्तरीय संकुल शैक्षिक समन्वयकों की समीक्षा बैठक मंगलवार को संकुल केंद्र पिथौरा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी डडसेना ने की। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रों के पंजीयन, परीक्षा की तैयारी सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में बीईओ डडसेना ने कहा कि सभी शिक्षकों की उपस्थिति वीएसके (VSK) के माध्यम से नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। सीजी स्कूल पोर्टल में अवकाश संबंधी आवेदनों के संधारण के दौरान आ रही तकनीकी त्रुटियों के निवारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने संकुल के स्कूलों में जाकर शिक्षकों को इस संबंध में सही जानकारी दें।

छात्रवृत्ति और पंजीयन पर जोर

बैठक में छात्रों के स्कॉलरशिप पोर्टल पर पंजीयन को लेकर भी चर्चा हुई। बीईओ ने बताया कि खाद्य विभाग के राशन कार्ड के आधार पर ई-केवाईसी के स्थान पर अब एनएसपी पोर्टल के ओटीआर सिस्टम से छूटे हुए छात्रों का पंजीयन समय-सीमा में कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे, इसके लिए समन्वयक नियमित मॉनिटरिंग करें।

श्रेष्ठा योजना के अंतर्गत भी अधिक से अधिक छात्रों का समय पर पंजीयन कराने का निर्देश दिया गया। जिन संकुलों में अपार आईडी कम बने हैं, उन्हें अपार आईडी निर्माण में गति लाने को कहा गया। साथ ही छात्रों के जाति प्रमाण पत्र नियमित रूप से बनवाने पर भी जोर दिया गया।

किचन गार्डन और इको क्लब

यूथ एवं इको क्लब की राशि के उपयोग को लेकर बीईओ ने निर्देश दिए कि राशि का उपयोग शालाओं में किचन गार्डन को विकसित करने में किया जाए। इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे पोषण के महत्व को भी समझ सकेंगे।

निरीक्षण और परीक्षा की तैयारी

सभी संकुल समन्वयकों को जिला कार्यालय द्वारा जारी निरीक्षण प्रपत्र के अनुसार स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। गत दिनों आयोजित एसएमसी और पीटीएम की भी सभी स्कूलों की समीक्षा की गई।

माह दिसंबर में होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा के लिए आवश्यक तैयारी समय पर पूरी करने को कहा गया। परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वयकों को अभी से स्कूलों में तैयारी शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

संविधान दिवस मनाने के निर्देश

बैठक के अंत में 26 नवंबर को संविधान दिवस सभी स्कूलों में गरिमापूर्ण तरीके से मनाए जाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बच्चों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी जाए।

बैठक में समस्त बिंदुओं की जानकारी एवं समीक्षा संकुल समन्वयक पिथौरा खगेश्वर डडसेना ने प्रस्तुत की। बैठक में विकासखंड के सभी संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!