Home » Uncategorized » शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान में गूंजेगा शहादत का जयघोष, 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल!

शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान में गूंजेगा शहादत का जयघोष, 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल!

सोनाखान/बलौदाबाजार।24.11.2026 छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद एवं अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस और संघर्ष की मिसाल पेश करने वाले अमर बलिदानी वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान एक बार फिर इतिहास, स्वाभिमान और जनआस्था के महापर्व की साक्षी बनने जा रही है। आगामी 8, 9 और 10 दिसंबर को सोनाखान में तीन दिवसीय वीर मड़ई मेला एवं शहादत-श्रद्धांजलि समारोह का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

वीर मड़ई मेले के मंच से उठेंगी सोनाखान की नौ बड़ी मांगें, सड़कों के जीर्णोद्धार से लेकर कॉलेज भवन, पुलिस चौकी और अस्पताल तक की समस्याओं पर मुख्यमंत्री का ध्यानाकर्षण

इसी आयोजन का औपचारिक निमंत्रण देने के लिए 21 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत सोनाखान का प्रतिनिधिमंडल एवं ग्राम प्रमुख मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके सिविल लाइन स्थित निवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सोनाखान की गौरवशाली ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान केवल निमंत्रण ही नहीं दिया गया, बल्कि सोनाखान और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों से लंबित समस्याओं का पूरा चिट्ठा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया।

नौ प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने उठी सोनाखान की आवाज

शहीद की जन्मभूमि होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे सोनाखान क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष नौ महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि शहीद के नाम पर गौरव करने के साथ-साथ उनकी जन्मभूमि का विकास करना भी शासन की जिम्मेदारी है।

1. तीन प्रमुख सड़कों के तत्काल जीर्णोद्धार की मांग: सोनाखान क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर नाराजगी जताई। महाराजी सोनाखान जोक नदी स्थित वीर सेतु पुल से सोनाखान तक 5 किलोमीटर, सोनाखान से वीरनारायणपुर-नवागांव बाजार तक 12 किलोमीटर तथा सोनाखान से कसौदी-राजादेवरी तक 12 किलोमीटर लोक निर्माण विभाग की सड़कों का तत्काल जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मोबाइल फोन पर चर्चा की। कलेक्टर ने कार्य कराने का आश्वासन दिया। इस पहल पर ग्राम प्रमुखों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

2. शहादत स्थल और खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग:

वीर नारायण सिंह शहादत एवं श्रद्धांजलि समारोह स्थल तथा खेल मैदान की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1984-85 में मध्यप्रदेश शासन के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन रायपुर कलेक्टर अजीत जोगी द्वारा भानमति केवट और तुलसी कंवर की दर्ज भूमि को कार्यक्रम मंच एवं खेल मैदान के लिए हस्तांतरित किया गया था। इसके बदले दोनों किसानों को अन्य भूमि दिए जाने की बात भी बताई गई। आज उसी स्थल पर प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु शहीद को श्रद्धांजलि देने और वीर मड़ई मेले में शामिल होने पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल को अतिक्रमणमुक्त कर उसका जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई।

3.शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन स्वीकृति की मांग:

सोनाखान में संचालित शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय नवीन महाविद्यालय के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री से महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए शासकीय राशि की घोषणा एवं स्वीकृति देने का आग्रह किया।

4. केंद्रीय जिला सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग: सोनाखान क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए केंद्रीय जिला सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग भी रखी गई। बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इसकी घोषणा की गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान मुख्यमंत्री से इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने और बैंक शाखा की स्वीकृति देने का आग्रह किया।

5. मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का लाभ अब तक नहीं: सोनाखान में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस संचालन का मामला भी चर्चा में आया। ग्रामीणों ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 को घोषणा होने के बावजूद आज तक क्षेत्र में इस योजना की बसें नहीं चल रही हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सोनाखान क्षेत्र में जल्द बस सेवा शुरू कराने की बात कही।

6. ऐतिहासिक कुर्रूपाठ तक सड़क निर्माण:

शहीद वीर नारायण सिंह के इष्ट देवी-देवताओं के स्थल एवं 1857 के ऐतिहासिक युद्धस्थल कुर्रूपाठ तक पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थल केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और शौर्य परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। सड़क बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

7. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जीर्णोद्धार पर जवाब मांगा: सोनाखान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा 75 लाख रुपये की शासकीय स्वीकृति दिए जाने का उल्लेख किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इस कार्य की वर्तमान स्थिति जानने और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से इस संबंध में जानकारी चाही।

8. पुलिस चौकी के नए भवन की मांग:

सोनाखान पुलिस चौकी वर्तमान में अस्थायी कार्यालय में संचालित हो रही है। सीमित जगह के कारण पुलिसकर्मियों के कामकाज, कार्यालयीन व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं में परेशानी हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस चौकी के लिए नए भवन निर्माण की मांग रखी।

9. डिजिटल क्रॉप सर्वे की त्रुटियों से किसानों को राहत दिलाने की मांग:

सोनाखान तहसील क्षेत्र के किसानों ने एग्रीस्टैक के तहत पंजीयन कराने के बावजूद धान खरीदी केंद्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की त्रुटियों के कारण हो रही परेशानियों को सामने रखा। ग्रामीणों ने मांग की कि पटवारी, तहसीलदार एवं एसडीएम स्तर पर सर्वे की त्रुटियों का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रतिनिधिमंडल ने 10 दिसंबर से पहले इस समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

तीन दिनों तक सोनाखान में बिखरेगी छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की छटा

वीर मड़ई मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, जनजातीय संस्कृति, शौर्य और सामाजिक एकता का जीवंत उत्सव है। 8 से 10 दिसंबर तक सोनाखान में छत्तीसगढ़ी लोककला मंचों की प्रस्तुतियां, करमा-ददरिया नृत्य, सुवा नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कलश पूजन, भव्य शोभायात्रा, कुर्रूपाठ देवपूजन यात्रा और कीर्तन-भजन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन दिनों तक शहीद की जन्मभूमि लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान रहेगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल में उत्साह

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद ग्राम पंचायत सोनाखान के प्रतिनिधिमंडल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समाधान की दिशा में पहल की। प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मोरध्वज पैकरा, जनपद सदस्य एवं सभापति, निवासी हटौद के प्रति भी आभार जताया।

मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में ग्राम पंचायत सोनाखान के सरपंच रूपेश कुमार साहू, उपसरपंच गजानंद पटेल, ग्राम अध्यक्ष मलेच्छ राम पटेल, सनपत साहू, राजू सागर, कला राम पटेल, पूर्व उपसरपंच नारायण देवदास, ग्राम अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच रामसाय यादव, ग्राम सचिव मोहन पैकरा, धनसाय पैकरा, पूर्व ग्राम अध्यक्ष जोधिलाल केवट, गोपाल ठाकुर, जहर सिंह ठाकुर, बृजलाल पैकरा, पूर्व उपसरपंच जागेश्वर ठाकुर, बुगला ठाकुर, पुनीराम बरिहा, सुधराम ठाकुर सहित अन्य ग्राम प्रमुख शामिल रहे।

अब सोनाखान की निगाहें 10 दिसंबर पर टिकी हैं।

शहीद वीर नारायण सिंह की शहादत को नमन करने मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। ग्रामीणों की अपेक्षा साफ है—शहीद की जन्मभूमि को केवल श्रद्धांजलि और भाषणों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, बैंकिंग और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी सशक्त बनाया जाए। यही अमर शहीद वीर नारायण सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!