
पिथौरा, 23 नवंबर 2026 भुरकोनी धान खरीदी केंद्र में रबी फसल के धान की खरीदी को लेकर सामने आए मामले में सोमवार को राजस्व अमले ने जांच की। एसडीएम शुभम देव एवं तहसीलदार सृजल साहू ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद पटवारी को मौके पर भेजकर खेतों का मुआयना कराया गया।
जांच के दौरान ही सौरभ राज के खेत में 23 नवंबर को हार्वेस्टर से धान कटाई हो रही थी। पटवारी ने मौके पर फोटो एवं वीडियो भी बनाए।
पहला मामला: खड़ी फसल के बावजूद 400 कट्टा कैसे बिका?
जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 390/1, रकबा 3.09 हेक्टेयर के आधार पर टोकन जारी किया गया था। आरोप है कि 15 नवंबर को खरीदी के पहले ही दिन उक्त रकबे की पूरी लिमिट के अनुसार करीब 400 कट्टा धान बेच दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उस समय खेत में धान की फसल खड़ी थी और कटाई नहीं हुई थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि खेत में फसल खड़ी होने के बावजूद खरीदी केंद्र में उक्त रकबे का धान कैसे पहुंचा।
पूछताछ में सौरभ राज ने अपनी मां के नाम की जमीन से काटी गई फसल बेचने की बात कही। नियम के अनुसार जिस खसरा नंबर एवं रकबे के आधार पर टोकन जारी हुआ है, उसी भूमि की उपज की खरीदी होनी चाहिए।

दूसरा मामला: नरेश ठाकुर के नाम पर 300 कट्टा धान पर सवाल
इसी जांच के दौरान नरेश ठाकुर के खेत से संबंधित मामले में भी सवाल उठे। बताया गया कि संबंधित खाता शामिलात खाता है, जिसमें पांच भाइयों का बंटवारा है। नरेश ठाकुर अपने हिस्से की करीब ढाई एकड़ भूमि पर खेती करता है।
ग्रामीणों का सवाल है कि इतनी सीमित खेती के बावजूद नरेश ठाकुर के नाम पर करीब 300 कट्टा धान कैसे उपलब्ध हुआ। आरोप है कि जांच में पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई और केवल खानापूर्ति कर टीम लौट गई।
किसान कांग्रेस और सर्व आदिवासी समाज ने उठाए सवाल
मामले को लेकर किसान कांग्रेस एवं सर्व आदिवासी समाज ने भी सवाल उठाए हैं। किसान कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मुलाकात कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है।
वहीं सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष ने भुरकोनी क्षेत्र में भोले-भाले किसानों को मोहरा बनाकर बिचौलियों को लाभ पहुंचाए जाने के आरोपों पर आक्रोश जताया है। समाज की ओर से भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है।

क्या बोले तहसीलदार?
तहसीलदार सृजल साहू ने बताया कि मामले की जांच की गई है। सौरभ राज ने अपने बयान में मां के नाम की जमीन से काटी गई फसल बेचने की बात कही है। वहीं नरेश ठाकुर के खेत में एक रकबे में फसल कटाई होना पाया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।
अब जांच के बाद यह स्पष्ट होना बाकी है कि पंजीकृत भूमि से अलग फसल बेचने के मामले में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, और यदि हुआ है तो इसमें किसान के साथ किसी बिचौलिए की भूमिका रही है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर किसानों एवं ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।































