
महासमुंद 23.11.2026 बीते दिनों नोडल कार्यालय के सभागार में नव नियुक्त नोडल अधिकारी नरेंद्र ठाकुर के पदभार ग्रहण करने पर स्वागत समारोह एवं पूर्व नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव नियुक्त अधिकारी नरेंद्र ठाकुर का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। वहीं पूर्व नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा को उनके कार्यकाल के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारकानाथ क्रांत, उप आयुक्त सहकारी संस्थाएं महासमुंद रहे। इस अवसर पर उन्होंने सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को मानसिक तनाव से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्य अनुभव में देखा है कि अधिकांश कर्मचारी मानसिक तनाव के कारण अपने कार्यों को पहाड़ जैसा समझने लगते हैं, जिससे वे मानसिक रूप से थकान महसूस करने लगते हैं। जबकि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ कार्य करने से कठिन से कठिन जिम्मेदारी भी सहज हो जाती है। कर्मचारियों को अपने कार्य के प्रति आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए तथा तनावमुक्त वातावरण में जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

समारोह में सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू सहित भोजराम साहू, विजय कोसरे, कौशल साहू, गुमान साहू, भेखलाल यादव, राजेंद्र साहू, थानेश्वर तिवारी, गोपाल प्रसाद साहू, रुद्रनाथ सिंह ठाकुर, मनीष चंद्राकर, मनोज भारद्वाज, रिसी पटेल, कृष्णकांत मने एवं संतोष साहू, लंकेश साहू सहित सहकारी समितियों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
































