Home » Uncategorized » वन परीक्षेत्र बागबाहरा में वनकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, सभी पहुंचे जेल।

वन परीक्षेत्र बागबाहरा में वनकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, सभी पहुंचे जेल।

महासमुंद 20.11.2026 महासमुंद वन मंडल के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ढोंड़ तमोरा में वन विभाग की गश्ती टीम को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से वनकर्मियों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम तमोरा स्थित आमाकोनी वन परिक्षेत्र के वन कक्ष क्रमांक 95 एवं 96 में वन विभाग की गश्ती टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम तमोरा के कुछ लोगों द्वारा गश्ती दल के सदस्यों के साथ विवाद करते हुए कथित रूप से हमला कर दिया गया। आरोप है कि रात लगभग 7:30 बजे से 11:30 बजे तक वनकर्मियों को बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई तथा शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।

साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका पर जिला एवं सत्र न्यायालय का सख्त रुख, खल्लारी पुलिस की जमानत विरोधी अपील पर हुई कार्यवाही

घटना के संबंध में वन विभाग के कर्मचारी नवीन वर्मा, निवासी वन परिक्षेत्र कार्यालय बागबाहरा ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 221, 132, 127(2) एवं 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पूछताछ के बाद 10 आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारीविवेचना के दौरान 9 एवं 10 अक्टूबर को पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद लक्ष्मी ध्रुव, टेमिन बाई, कलाबाई, लक्ष्मी बाई, प्रदीप ध्रुव, सुखराम, गणेश, चंदन, संतकुमार और लक्ष्मी खैरवार सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया था।पुलिस ने जमानत निरस्त कराने न्यायालय में लगाई थी अर्जीमामले में सभी आरोपी प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद के न्यायालय से शर्तों के अधीन अंतरिम प्रोविजनल जमानत पर थे। पुलिस का मानना था कि आरोपियों के जमानत पर बाहर रहने से प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना प्रभावित हो सकती है। साथ ही मामले के गवाहों को डराने-धमकाने की आशंका भी जताई गई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए खल्लारी पुलिस ने आरोपियों को मिली जमानत निरस्त कराने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद में आवेदन प्रस्तुत किया।पुलिस द्वारा प्रस्तुत आवेदन और प्रकरण की परिस्थितियों पर विचार करने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी। इसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पारुल साय के न्यायालय से आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।20 नवंबर को वारंट तामील, सभी आरोपी जेल दाखिलपुलिस ने 20 नवंबर 2026 को गिरफ्तारी वारंट की तामील करते हुए सभी 10 आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को वन विभाग के गश्ती दल पर कथित हमले और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।ये हैं जेल भेजे गए आरोपीपुलिस के अनुसार, जेल भेजे गए आरोपियों में ग्राम तमोरा निवासी लक्ष्मी ध्रुव (35 वर्ष), टेमिन बाई (57 वर्ष), कलाबाई (56 वर्ष), लक्ष्मी बाई (29 वर्ष), प्रदीप ध्रुव (38 वर्ष), सुखराम (45 वर्ष), गणेश (39 वर्ष), चंदन (36 वर्ष), संतकुमार (48 वर्ष) और लक्ष्मी खैरवार (30 वर्ष) शामिल हैं।उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में थाना खल्लारी पुलिस द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!