Home » Uncategorized » ग्राम अरण्ड में प्रताड़ना और समाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहे परिवार-पिथौरा पुलिस जांच में जुटी।

ग्राम अरण्ड में प्रताड़ना और समाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहे परिवार-पिथौरा पुलिस जांच में जुटी।

पिथौरा 27.11.2026 थाना क्षेत्र के ग्राम अरण्ड में एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पिथौरा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव में आयोजित बैठक में शामिल नहीं होने पर उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया और ग्रामीणों को उनसे बातचीत तथा लेन-देन नहीं करने के लिए कहा गया।

गौरतलब है कि ग्राम अरण्ड निवासी दीनबंधु पटेल और उनके चचेरे भाई भोजकुमार पटेल के बीच 10 नवंबर को पारिवारिक विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष पिथौरा थाने पहुंचे थे। हालांकि, 11 नवंबर को दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और इसकी लिखित जानकारी भी थाने में दी गई थी।

दीनबंधु पटेल ने अपनी शिकायत में गांव के शिवचरण ध्रुव पर पुरानी रंजिश रखने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिवचरण ध्रुव ने पहले भी उनके खिलाफ गांव में दो लाख रुपये का दंड करवाने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते 12 नवंबर को पारिवारिक विवाद को लेकर गांव में बैठक बुलाई गई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बैठक में शामिल होने पर उनके साथ मारपीट होने की आशंका थी, इसलिए वे बैठक में नहीं गए। इसके बाद बैठक में उनके खिलाफ गांव में विवाद करने और बैठक में उपस्थित नहीं होने की बात कहते हुए सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया।

दीनबंधु पटेल का कहना है कि इस निर्णय से पहले उनका पक्ष नहीं सुना गया। साथ ही ग्रामीणों को उनके परिवार से बातचीत, मेलजोल और लेन-देन बंद करने के लिए कहा गया है। इससे उनका परिवार परेशान है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

इधर, मामले में दूसरा पक्ष जानने के लिए शिवचरण ध्रुव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

इस संबंध में पिथौरा थाना प्रभारी आकाश मसीह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!