Home » Uncategorized » भुरकोनी धान मंडी में उपार्जित 5000 कट्टा के स्टैक में 80 से 90 प्रतिशत रबी फसल..बिचौलियों व दलालों नियंत्रण में भुरकोनी धान मंडी।

भुरकोनी धान मंडी में उपार्जित 5000 कट्टा के स्टैक में 80 से 90 प्रतिशत रबी फसल..बिचौलियों व दलालों नियंत्रण में भुरकोनी धान मंडी।

पिथौरा, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुए आज बारहवां दिन है, लेकिन खरीदी के शुरुआती दिनों से ही धान उपार्जन केंद्रों में रबी फसल के धान की खपत को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ऐसा ही मामला पिथौरा तहसील के भुरकोनी धान खरीदी केंद्र से सामने आ रहा है, जहां अब तक लगभग 5 हजार कट्टा धान की खरीदी किए जाने की जानकारी सामने आई है।बताया जा रहा है कि भुरकोनी सहित आसपास का क्षेत्र ओडिशा की सीमा से लगा हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ओडिशा से ट्रकों के माध्यम से धान लाकर तथा स्थानीय स्तर पर रबी फसल के धान की अवैध खरीदी कर उसे समर्थन मूल्य पर खपाने का खेल चल रहा है। इस पूरे मामले में धान कोचियों और बिचौलियों के नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में होनी चाहिए।स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, भुरकोनी उपार्जन केंद्र में हाल ही में लगाए गए धान के स्टैक में 80 से 90 प्रतिशत तक धान रबी फसल का होने की आशंका जताई जा रही है। यदि यह दावा सही पाया जाता है तो समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आ सकता है।गौरतलब है कि हाल ही में पिथौरा के तहसीलदार एवं एसडीएम द्वारा अवैध धान के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई में लगभग 600 कट्टा धान अवैध रूप से मंडी में खपाने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। इस मामले में विकास अग्रवाल नामक व्यक्ति का नाम भी चर्चा में आया है। लेकिन कार्यवाही के दौरान धान जप्ती फोटोग्राफी में विकास अग्रवाल नामक दलाल स्पष्ट पहचान कौन है यह स्पष्ट नहीं है लगता है स्थानीय प्रशासन धान दलालों को पर्दें के पीछे से सहयोग करती नजर आ रही है आए दिन देखा जाए तो अगर कोई किसान के धान में गड़बड़ी होती है तो उस कृषक पकड़ कर खुलेआम मुजरिम की तरह कठघरे खड़ा कर कार्यवाही कर फोटोग्राफी किया जाता हैं लेकिन बड़े स्तर पर धान के अवैध कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के नाम के साथ उसका छायाचित्र क्यों प्रदर्शित नहीं किया जाता है

ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्र में सक्रिय धान कोचियों और बिचौलियों के नेटवर्क की जांच की मांग, उपार्जन केंद्रों में रखे धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन जरूरी

कार्रवाई के दौरान धान की जब्ती के समय मुख्य रूप से चर्चा में आए कथित कोचिये के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फोटोग्राफी कराए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर कार्रवाई में वास्तविक रूप से जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट क्यों नहीं की गई? क्या प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है या कार्रवाई केवल जब्ती तक ही सीमित रह गई है?सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भुरकोनी धान खरीदी केंद्र में लगाए गए स्टैक की निष्पक्ष जांच की जा सकती है, तो अब तक उसका भौतिक सत्यापन क्यों नहीं कराया गया? स्टैक में रखे धान के नमूनों की गुणवत्ता, फसल की प्रकृति, आवक के स्रोत और किसानों के वास्तविक रकबे का मिलान किया जाए तो स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।अब प्रशासन की जवाबदेही तय करने का समय

जरूरत है कि जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर भुरकोनी धान खरीदी केंद्र के प्रत्येक स्टैक की निष्पक्ष जांच कराए। साथ ही धान की आवक, किसानों के पंजीयन, टोकन, रकबे, खरीदी रिकॉर्ड और परिवहन संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया जाए। ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में धान के अवैध परिवहन की भी जांच होनी चाहिए।यदि उपार्जन केंद्र में रबी फसल अथवा अन्य राज्यों से लाए गए धान की अवैध खरीदी की पुष्टि होती है, तो इसमें शामिल कोचियों, बिचौलियों और संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।अब देखना यह है कि स्थानीय प्रशासन इन गंभीर सवालों पर कब संज्ञान लेता है और भुरकोनी धान खरीदी केंद्र के स्टॉक की जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी कब करता है। आखिर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के लिए है या फिर इस व्यवस्था की आड़ में अवैध धान कारोबारियों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बनती जा रही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!