Post: PM जन-मन आवास योजना से साकार हुआ बरसाती कमार का पक्के घर का सपना।

PM जन-मन आवास योजना से साकार हुआ बरसाती कमार का पक्के घर का सपना।

296 Views

महासमुंद(छ.ग.सृजन) 20 सितंबर 2024/ हर किसी का सपना होता है कि वह अपने खुद के पक्के घर में रहे, जहां वे निश्चिंत होकर अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी सकें। महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत मरौद निवासी श्री बरसाती कमार का भी यही सपना था। वह कई वर्षों से अपने परिवार की गरीबी और कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। परंतु, उनकी किस्मत तब बदली जब उन्हें प्रधानमंत्री जन-मन आवास योजना के तहत पक्का घर मिल गया।

बरसाती कमार ने अपने पुराने कच्चे मकान में जीवन बिताने की कठिनाइयों के बारे में बताया कि बारिश के मौसम में उन्हें सबसे अधिक परेशानी होती थी। बारिश के पानी से घर में रखा सारा सामान खराब हो जाता था और हर साल मकान की मरम्मत में बहुत पैसे खर्च हो जाते थे। मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले बरसाती के लिए पक्का मकान बनवाना सपना ही था। गरीबी के कारण वे अपना एक स्थिर और सुरक्षित घर बना सकें। जब ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें बताया कि उनका नाम प्रधानमंत्री जन-मन योजना की आवास चयन सूची में आ गया है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस योजना के तहत उन्हें तीन किस्तों में धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई और काम के आधार पर उन्हें कुशल मजदूरी का भुगतान भी किया गया। इससे उन्होंने अपने पक्के घर का निर्माण पूरा किया और अब वे उसी घर में रहने लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना ने उनके सपनों को साकार किया है और अब वह निश्चिंत होकर अपने घर में जीवन बिता रहे हैं।
बरसाती कमार को सरकार की अन्य योजनाओं का भी लाभ मिला है, इस योजना के अंतर्गत विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। जैसे कि उनके परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन कार्ड और बैंक खाते बनाए गए, जिससे उनकी पहचान और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हुई। राशन कार्ड के माध्यम से अब परिवार को नियमित रूप से सरकारी राशन मिल रहा है, जिससे उनके भोजन की समस्याएं काफी हद तक सुलझ गई हैं। आयुष्मान भारत कार्ड से अब उनका परिवार स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकता है। बैंक खाते और आधार कार्ड के माध्यम से उन्हें सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से भी सशक्त हो रहे हैं। उनके घर को नल कनेक्शन की भी सुविधा दी गई। इससे अब उनके परिवार को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी घर पर ही हो गई है। यह उनके परिवार के लिए एक बड़ी राहत है, जो पहले पानी के लिए कई कष्ट झेलता था। बरसाती कमार ने प्रधानमंत्री जन-मन आवास योजना के तहत मिले इस पक्के घर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

Recent Post