
पिथौरा 27.11.2026 महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरंड में पारिवारिक विवाद के बाद सामाजिक बहिष्कार और कथित अवैध आर्थिक वसूली की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के निवासी 41 वर्षीय दीनबंधु पटेल ने ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव सहित कुछ ग्रामीणों पर दो लाख रुपये का आर्थिक दंड देने की धमकी देने, झूठे आरोपों में फंसाने की साजिश रचने तथा उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने 13 नवंबर 2026 को पिथौरा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

थाने में आपसी सहमति से समाप्त हो चुका था पारिवारिक विवाद

अरंड गांव में सामाजिक बहिष्कार का मामला पहुंचा थाने, पीड़ित ने सरपंच सहित कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की
आवेदन में दीनबंधु पटेल ने बताया है कि 10 नवंबर 2026 को उनका अपने चचेरे भाई भोज कुमार पटेल (भोजराम) के साथ पारिवारिक विवाद हुआ था। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने 11 नवंबर 2026 को पिथौरा थाने पहुंचकर आपसी सहमति और राजीनामे के माध्यम से मामले का निराकरण कर लिया था। आवेदक के अनुसार, इस राजीनामे की जानकारी थाने में भी दर्ज है और दोनों परिवारों के बीच विवाद समाप्त हो चुका था।

लेकिन आवेदक का आरोप है कि पारिवारिक विवाद समाप्त होने के बावजूद ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव द्वारा इस मामले को दोबारा तूल दिया जा रहा है और कथित तौर पर दो लाख रुपये का आर्थिक दंड देने का दबाव बनाया जा रहा है।
दो लाख रुपये नहीं देने पर दंड वसूलने की कथित धमकी
दीनबंधु पटेल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव पहले भी उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखते हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी शिवचरण ध्रुव द्वारा उन्हें खुलेआम धमकी देते हुए कहा गया था कि यदि वे दो लाख रुपये नहीं देंगे तो उनसे यह रकम दंड के रूप में वसूल की जाएगी।
आवेदक का आरोप है कि चचेरे भाई के साथ हुए पारिवारिक विवाद को आधार बनाकर उनसे अवैध रूप से आर्थिक दंड वसूलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे सुनियोजित तरीके से प्रताड़ित करने और झूठे आरोपों में फंसाने की साजिश बताया है।
बैठक के बहाने बुलाने और मारपीट की आशंका जताई
आवेदन के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव ने ग्राम अरंड के बीच गांव में बैठक बुलाने की बात कहते हुए दीनबंधु पटेल को फोन किया था। फोन पर उन्हें बताया गया कि बैठक में उनके पारिवारिक विवाद पर चर्चा की जाएगी।
दीनबंधु का कहना है कि गांव के शुभचिंतकों से उन्हें जानकारी मिली थी कि ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव, डिगंबर पटेल (सरपंच) और उनके कुछ साथी बैठक के बहाने उन्हें बुलाकर उनके साथ एकजुट होकर मारपीट और दबाव बनाने की फिराक में हैं। अपनी जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया।
उनका कहना है कि जब पारिवारिक विवाद थाने में राजीनामे के जरिए समाप्त हो चुका है, तो दोबारा बैठक बुलाने का कोई औचित्य नहीं है।
बैठक में शामिल नहीं होने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का आरोप
दीनबंधु पटेल ने अपने आवेदन में सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बैठक में शामिल नहीं होने से नाराज होकर ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव, राजिम पटेल, डिगंबर पटेल (सरपंच), युवराज पटेल, देवानंद पटेल सहित अन्य लोगों ने आपस में सांठगांठ कर उनके और उनके परिवार के विरुद्ध ग्रामीण एवं सामाजिक बहिष्कार जैसा कदम उठाया है।
आवेदक के अनुसार, गांव में उनके परिवार से बातचीत, लेन-देन, हुक्का-पानी तथा उनके घर आने-जाने और वहां काम करने तक पर रोक लगा दी गई है। उनका आरोप है कि गांव में कथित तौर पर फरमान जारी कर उनके परिवार को सामाजिक गतिविधियों से अलग-थलग कर दिया गया है।
इस घटनाक्रम से दिनबंधु पटेल और उनका परिवार मानसिक तनाव और असुरक्षा के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर है।
जीवनयापन और आजीविका पर भी पड़ा असर
दीनबंधु पटेल ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि सामाजिक बहिष्कार के कारण उनके परिवार का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। गांव में रहने के बावजूद लोगों से बातचीत और सामाजिक मेल-मिलाप बंद होने से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है।
उन्होंने आशंका जताई है कि इस तरह के कथित बहिष्कार और आर्थिक दंड की धमकी से उनके परिवार को लगातार जान-माल का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति या समूह को आपसी विवाद के नाम पर किसी परिवार को सामाजिक रूप से अलग-थलग करने अथवा मनमाने ढंग से आर्थिक दंड लगाने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक से लेकर मानवाधिकार आयोग तक भेजी प्रतिलिपि
दीनबंधु पटेल ने थाना प्रभारी पिथौरा को दिए आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक महासमुंद, कलेक्टर महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिथौरा तथा छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग रायपुर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि 11 नवंबर को थाने में हुए राजीनामे को संज्ञान में लेते हुए ग्राम प्रमुख शिवचरण ध्रुव, सरपंच डिगंबर पटेल, राजिम पटेल, युवराज पटेल, देवानंद पटेल एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही कथित रूप से दो लाख रुपये के अवैध आर्थिक दंड की धमकी, सामाजिक बहिष्कार और प्रताड़ना के मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
अब पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
ग्राम अरंड का यह मामला अब पुलिस और प्रशासन के समक्ष पहुंच चुका है। एक ओर आवेदक ने थाने में पारिवारिक विवाद का राजीनामा होने के बाद भी कथित रूप से दो लाख रुपये की मांग और सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप लगाया है, वहीं मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
21वीं सदी में आधुनिकता और विकास के दावों के बीच ग्रामीण अंचलों में सामाजिक बहिष्कार जैसी कुप्रथा के आरोप सामने आना चिंताजनक है। ऐसा ही एक मामला पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरण्ड से सामने आया है, जहां एक परिवार ने गांव में सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम अरण्ड निवासी दीनबंधु पटेल और उनके चचेरे भाई भोजकुमार पटेल के बीच 10 नवंबर को पारिवारिक विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्ष पिथौरा थाने पहुंचे थे, लेकिन अगले ही दिन 11 नवंबर को दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसकी लिखित जानकारी भी थाने में प्रस्तुत की गई थी।
दीनबंधु पटेल ने अपनी शिकायत में गांव के शिवचरण ध्रुव पर पुरानी रंजिश रखने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि शिवचरण ध्रुव पूर्व में भी उनके खिलाफ गांव में दो लाख रुपये का दंड करवाने की धमकी दे चुके हैं। इसी रंजिश के चलते 12 नवंबर को पारिवारिक विवाद को लेकर गांव में बैठक बुलाई गई थी।
दीनबंधु पटेल का आरोप है कि बैठक में शामिल होने पर उनके साथ मारपीट होने की आशंका थी, जिसके चलते वे बैठक में शामिल नहीं हुए। इसके बाद बैठक में उनके परिवार के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि ग्रामीणों को उनके परिवार से बातचीत नहीं करने, मेलजोल नहीं रखने और किसी भी प्रकार का लेन-देन बंद करने के लिए कहा गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि कथित सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लेने से पहले उनका पक्ष तक नहीं सुना गया। इस पूरे घटनाक्रम से परिवार मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना कर रहा है। उनका सवाल है कि जब पारिवारिक विवाद का थाने में आपसी सहमति से समाधान हो चुका था, तो फिर गांव में दोबारा बैठक बुलाकर उनके परिवार को सामाजिक रूप से अलग-थलग करने की नौबत क्यों आई?
दूसरे पक्ष से नहीं हो सका संपर्क
मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष जानने के लिए शिवचरण ध्रुव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में दूसरे पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना अभी बाकी है।
पुलिस कर रही शिकायत की जांच
इस संबंध में पिथौरा थाना प्रभारी आकाश मसीह ने बताया कि सामाजिक बहिष्कार को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में सामाजिक बहिष्कार के आरोपों की कितनी सच्चाई सामने आती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।


























