
पिथौरा।22.11.2026 भुरकोनी धान खरीदी केंद्र में रबी फसल का धान किसानों के खातों में बेचने की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत पर तहसीलदार सृजल साहू एवं खाद्य निरीक्षक हेमंत वर्मा मौके पर पहुंचे और संबंधित किसानों के बयान दर्ज किए। समिति प्रभारी को भी जवाब-तलब किया गया है। वहीं धान की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन कराने के लिए आरआई एवं पटवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिकायत के बाद तहसीलदार व खाद्य निरीक्षक जांच में पहुंचे, किसानों के बयान दर्ज; समिति प्रभारी से जवाब-तलब
जांच के दौरान सामने आया कि भुरकोनी के किसान सौरभ राज के खेड़ीगांव स्थित खेत खसरा नंबर 390/1, रकबा 3.09 हेक्टेयर में फसल अब भी खेत में खड़ी है। इसके बावजूद धान खरीदी शुरू होने के पहले ही दिन उक्त खाते में 400 कट्टा धान की बिक्री दर्ज की गई है। इस मामले में खेत का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
इसी तरह किसान नरेश ठाकुर के खसरा नंबर 680, 685, 748 एवं 860 की कुल धनहा भूमि 4.65 हेक्टेयर का धान खरीदी के लिए पंजीयन हुआ है। बताया गया कि इन खसरों में अभी पूरी तरह फसल की कटाई नहीं हुई है, जबकि 19 नवंबर को उनके खाते में 120 क्विंटल धान बेचा गया। आरआई मुकेश साहू के अनुसार नरेश ठाकुर के चार खसरों में से केवल एक खसरे में धान कटाई हुई है और वहां भी लगभग 300 कट्टा धान होने की संभावना नहीं है।
जांच में यह बात भी सामने आई कि नरेश ठाकुर का शामिलात खाता है तथा उनके भाई सहित अन्य किसान भी रेग में उनके खेतों में खेती करते हैं। ऐसे में उनके पास दर्ज मात्रा में धान उपलब्ध था या नहीं, यह जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि किसी व्यापारी द्वारा किसान को झांसे में लेकर उसके खाते में रबी फसल का धान बेचा गया है।
समिति की भूमिका भी जांच के घेरे में
धान खरीदी केंद्र में शुरुआती दिनों में किसानों के पास इतनी बड़ी मात्रा में पतला धान उपलब्ध होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले में व्यापारी एवं समिति स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। हालांकि इस संबंध में प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
खेतों में फसल खड़ी है लेकिन धान मंडी में बिक चुका है इस मामले के मुख्य सरगना कौन ? कार्यवाही की जरुरत..फिलहाल तहसीलदार एवं खाद्य विभाग द्वारा किसानों के बयान लिए जा चुके हैं तथा आरआई और पटवारी को खेतों का भौतिक सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी गई है। समिति प्रभारी से भी जवाब मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसानों के खातों में दर्ज धान वास्तव में उनके खेतों की उपज थी या किसी अन्य माध्यम से खरीदी केंद्र में खपाया गया।



























