
महासमुंद: 19.05.2026 पिथौरा। आम आदमी पार्टी, जिला महासमुंद ने पिथौरा थाने में दर्ज एफआईआर के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। यूथ विंग जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि दिनांक 06/05/2026 को थाना पिथौरा में दुलीकेशन साहू एवं किरण साहू के विरुद्ध एक गरीब आदिवासी परिवार के साथ जातिसूचक गाली गलौज, घर में घुसकर जान से मारने की धमकी एवं मारपीट के गंभीर आरोपों में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
खिरोद पटेल ने बताया कि एफआईआर दर्ज हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद दोनों आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इससे पीड़ित आदिवासी परिवार भय एवं असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। यह घटना छत्तीसगढ़ की बदहाल कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है।
“आदिवासी परिवार न्याय की उम्मीद में बैठा है”
पिथौरा ब्लॉक अध्यक्ष एम.डी. सागर ने कहा कि प्रदेश में आदिवासी समाज से आने वाले मुख्यमंत्री होने के कारण पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा, लेकिन अब तक की कार्रवाई से परिवार खुद को असहाय महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए, चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

पीड़ित ने लगाया फसल जब्ती का आरोप
पीड़ित मनबोध कोडाकु ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी के बाद एफआईआर तो दर्ज हो गई, लेकिन आज तक उनकी फसल वापस नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के उनकी फसल जब्त कर ली गई थी तथा आज भी संबंधित प्रकरण एसडीएम कार्यालय में लंबित है।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि दिनांक 24/05/2026, रविवार तक दोनों आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़ित की जब्त फसल तत्काल वापस की जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक कार्रवाई नहीं होती है तो 25/05/2026, सोमवार को आम आदमी पार्टी जिला महासमुंद के सैकड़ों कार्यकर्ता थाना पिथौरा का घेराव करेंगे। इस घेराव से उत्पन्न होने वाली कानून व्यवस्था की संपूर्ण जवाबदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रेषक
मीडिया प्रभारी
आम आदमी पार्टी महासमुंद




