
महासमुंद, 27 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द्र एवं समाजहित में अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति अथवा संस्था को दानवीर भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने का प्रावधान है।समाज कल्याण विभाग द्वारा इस वर्ष भी उक्त सम्मान के लिए पात्र व्यक्ति एवं संस्थाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। जिले में दानशीलता, सामाजिक सहयोग तथा समाजहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निरंतर कार्य करने वाले व्यक्ति अथवा संस्थाएं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप अपनी प्रविष्टियां 30 सितंबर 2026 तक जिला समाज कल्याण कार्यालय, महासमुंद में उपलब्ध करा सकते हैं।
प्रविष्टि के साथ व्यक्ति अथवा संस्था का पूर्ण परिचय, छत्तीसगढ़ में निवासरत अथवा कार्यरत होने का विवरण तथा पूर्व एवं वर्तमान में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही दानशीलता एवं राष्ट्रीयता के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी, पूर्व में प्राप्त पुरस्कारों का विवरण तथा उत्कृष्ट कार्यों के संबंध में प्रकाशित समाचार, आलेख अथवा प्रख्यात व्यक्तियों एवं पत्र-पत्रिकाओं द्वारा की गई टिप्पणियों की जानकारी भी संलग्न की जानी होगी। सम्मान के लिए ज्यूरी के सदस्यों की प्रविष्टियां मान्य नहीं होंगी। प्रविष्टि में संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के निरंतर क्रियाशील एवं निर्विवाद होने के संबंध में जिला कलेक्टर की अनुशंसा भी आवश्यक होगी। चयन होने की स्थिति में पुरस्कार ग्रहण करने की लिखित सहमति तथा पासपोर्ट साइज के फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराना अनिवार्य है।समाज कल्याण विभाग ने जिले के ऐसे सभी पात्र एवं उत्कृष्ट व्यक्ति तथा संस्थाओं से अपील की है, वे निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेजों एवं सहित अपनी प्रविष्टियां जिला समाज कल्याण कार्यालय, महासमुंद में प्रस्तुत करें।




























