Home » Uncategorized » समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा।

महासमुंद, 10 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10ः30 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में तत्परता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वहीं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से किया जाए। विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी की तैयारियों में न बरतें लापरवाही, उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें – कलेक्टर

कलेक्टर ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल 12 नवंबर को महासमुंद जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की अद्यतन जानकारी, प्रगति प्रतिवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
आगामी धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बारदाने की एंट्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय नोडल अधिकारी धान खरीदी की अवधि में प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार अपने आबंटित खरीदी केंद्रों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करेंगे तथा धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त तारपोलिन, ड्रेनेज एवं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि धान को बारिश एवं नमी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया। इसके अलावा समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अपने-अपने अनुविभाग में आवश्यकतानुसार चेक पोस्ट स्थापित करने कहा गया है, जहां से अवैध धान की आवाजाही होती है। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने 13 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला युवा कार्यक्रम तथा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पहल कार्यक्रम के तहत विभागों को नवाचार आधारित कार्यों एवं योजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई विभाग जनहित में उपयोगी एवं प्रभावी नवाचार से संबंधित प्रस्ताव देना चाहता है, तो वह अपना प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकता है।
बैठक में वीबी-जी रामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अपार आईडी कार्ड, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं समय-सीमा में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>

error: Content is protected !!